Bastar News: मधोता जंगल में बाघ ने गाय पर किया हमला, ग्रामीणों में बढ़ी चिंता; लगातार घटनाओं से दहशत

Bastar News: मधोता जंगल में बाघ ने गाय पर किया हमला, ग्रामीणों में बढ़ी चिंता; लगातार घटनाओं से दहशत

Chhattisgarh Bastar News: बस्तर। बस्तर वन परिक्षेत्र के मधोता और आसपास के जंगलों में बाघ की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। शनिवार को मधोता जंगल में एक पालतू गाय पर बाघ द्वारा हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार, चरवाहे की सतर्कता और अन्य ग्रामीणों के मौके पर पहुंचकर शोर मचाने के बाद बाघ घायल गाय को छोड़कर घने जंगल की ओर चला गया। हमले में गाय की गर्दन पर गहरे घाव बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मधोता माटापारा निवासी हिमांशु अपने मवेशियों को चराने मधोता जंगल ले गया था। इसी दौरान झाड़ियों से हलचल और आवाज सुनाई दी। खतरा भांपकर हिमांशु लाठी लेकर उस ओर पहुंचा और शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर आसपास मौजूद अन्य चरवाहे भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के मुताबिक लोगों की भीड़ और शोर के बाद बाघ घायल गाय को छोड़कर जंगल की ओर चला गया।

ग्रामीणों का कहना है कि घटना के कई घंटे बाद तक घायल गाय को पशु चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी। गाय की गर्दन पर पंजों और दांतों के निशान बताए जा रहे हैं। ग्रामीण अपने स्तर पर उसका उपचार कराने का प्रयास कर रहे हैं। उनका आरोप है कि लगातार मवेशियों पर हमले की घटनाओं के बावजूद वन विभाग की ओर से क्षेत्र में निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।

ग्रामीणों के अनुसार करीब एक माह पहले मुंडकटिया पारा के ऊपरी जंगल में बाघ के पगमार्क देखे गए थे। इसके बाद मधोता जंगल में एक बैल के शिकार की जानकारी सामने आई। करीब एक सप्ताह पहले इसी जंगल में एक बछड़े को मारे जाने की बात भी ग्रामीणों ने बताई थी। अब गाय पर हमले की घटना सामने आने से ग्रामीणों में चिंता और बढ़ गई है।


Related Articles