Chhattisgarh Pratappur News: प्रतापपुर। प्रतापपुर चौकी खड़गवां पुलिस ने हाईवा चालक को पिस्टल दिखाकर हवाई फायर करने, मारपीट करने और मोबाइल लूटने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, वेन्यू कार, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान जब्त किया है। जांच के दौरान लाइसेंसी हथियार के कथित दुरुपयोग को लेकर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 30 भी जोड़ी गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम तेलईमुड़ा, थाना रामानुजनगर निवासी शिवप्रसाद विश्वकर्मा ने 18 सितंबर 2026 को चौकी खड़गवां में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह बरियों से हाईवा में गिट्टी लेकर भटगांव जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब 6:30 बजे रामेश्वरपुर मोड़ के पास ग्राम खड़गवां कला के जंगल में वेन्यू कार क्रमांक CG 14 MU 7274 ने हाईवा को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया।
पुलिस के मुताबिक कार में सवार राजेश अम्बष्ट और उसके साथी श्यामलाल साहू ने हाईवा चालक को वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा। आरोप है कि चालक के नीचे नहीं उतरने पर राजेश अम्बष्ट ने कार से पिस्टल निकालकर हवाई फायर किया। इसके बाद हाईवा ठीक से नहीं चलाने की बात कहते हुए चालक के साथ मारपीट की गई और दोनों आरोपियों पर उसका मोबाइल लेकर जाने का आरोप है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 309(6) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने दबिश देकर राजेश कुमार अम्बष्ट उम्र 54 वर्ष, निवासी दीनदयाल कॉलोनी जशपुर और श्यामलाल साहू उम्र 56 वर्ष, निवासी नावाटोली महाराजा चौक जशपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों के घटना में शामिल होने की बात सामने आई है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की। जांच में पिस्टल राजेश अम्बष्ट के नाम पर लाइसेंसी होना पाया गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फायर किए गए दो कारतूस भी बरामद किए।

