Ambikapur Latest News: त्योहार पर जाम से मिलेगी राहत? बाजारों में अतिरिक्त Traffic Police की तैनाती, नागरिकों से सहयोग की अपील

Ambikapur Latest News: त्योहार पर जाम से मिलेगी राहत? बाजारों में अतिरिक्त Traffic Police की तैनाती, नागरिकों से सहयोग की अपील

Chhattisgarh Surguja News: सरगुजा। दीपावली पर्व के मद्देनजर अंबिकापुर शहर के प्रमुख बाजारों में बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने विशेष यातायात एवं बाजार प्रबंधन व्यवस्था शुरू की है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों, व्यापारियों और ग्राहकों को खरीदारी के दौरान सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में अंबिकापुर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान बाजारों में आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कैवर्त और यातायात पुलिस की टीम भी मौजूद रही।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी ने निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्रों में अनावश्यक वाहन पार्किंग, सड़क पर अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती कर वाहनों और पैदल चलने वाले लोगों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के सामने सड़क और फुटपाथ पर सामान न रखें। साथ ही ग्राहकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने के लिए प्रेरित करें, ताकि बाजारों में जाम की स्थिति निर्मित न हो।

सरगुजा पुलिस का उद्देश्य दीपावली के दौरान आम नागरिकों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखना है, जिससे खरीदारी के दौरान लोगों को अनावश्यक जाम और असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में सहयोग करने की अपील की है।


Related Articles