Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के चलगली थाना अंतर्गत ग्राम रामपुर में भैंसों से भरी पिकअप के खेत में पलटने और चालक के मौके से फरार होने को लेकर उठाए गए सवालों के बाद अब मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। IMP24 के प्रिंट संस्करण “जनता के गोठ” में खबर प्रकाशित होने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ी और पुलिस ने पिकअप वाहन के मालिक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 09 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में भैंसों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर कटिंग के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान हरिनारायण के घर के पास वाहन पलट गया। सूचना की तस्दीक के लिए चलगली पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
एक भैंसे की मौत, तीन सुरक्षित बरामद
विवेचना के दौरान घटनास्थल से पिकअप वाहन क्रमांक UP64CT3854 और तीन भैंसों को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया। हादसे में एक भैंसे की मौत हो गई, जिसका पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। वहीं बरामद तीनों भैंसों को देखरेख के लिए गौशाला बासेन भेजा गया है।
फरार चालक की तलाश से शुरू हुई पड़ताल, वाहन मालिक तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने वाहन की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान पिकअप वाहन के स्वामी राजदेव यादव, पिता बलदेव यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम लुरगीकला की पहचान हुई।
पुलिस के मुताबिक, विवेचना में आरोपी द्वारा अपने वाहन में भैंसों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक लोड कर कटिंग के लिए दूसरे राज्य ले जाने के संबंध में साक्ष्य पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ राज्य कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
खबर के बाद कार्रवाई से उठे सवालों को मिला जवाब
घटना के बाद यह सवाल उठ रहा था कि आखिर रात के समय भैंसों को पिकअप में भरकर कहां ले जाया जा रहा था और दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर क्यों फरार हो गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में एक महत्वपूर्ण कड़ी सामने आई है। हालांकि, पशुओं को कहां से लाया गया था और उनके परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की पूरी जानकारी विवेचना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
IMP24 के प्रिंट संस्करण जनता के गोठ की खबर का असर
पिकअप पलटने की खबर के बाद उठे सवालों को पुलिस ने गंभीरता से लिया और जांच आगे बढ़ाई। वाहन जब्ती से लेकर आरोपी की गिरफ्तारी तक हुई कार्रवाई ने मामले को नया मोड़ दिया है। अब पुलिस की आगे की विवेचना पर नजर रहेगी कि इस पूरे पशु परिवहन मामले से जुड़े अन्य लोगों और तथ्यों का क्या खुलासा होता है। मामले में पुलिस की विवेचना लगातार जारी है।

