Raipur Latest News: चोरी के मामले में बड़ा खुलासा, 3.79 लाख का माल बरामद; चार आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए

Raipur Latest News: चोरी के मामले में बड़ा खुलासा, 3.79 लाख का माल बरामद; चार आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। खमतराई थाना पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3.79 लाख रुपये का चोरी गया मशरूका बरामद किया गया है। इसमें लगभग 3.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 29 हजार रुपये नकद शामिल हैं। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन के अंतर्गत की गई है।

दशहरा मनाने गांव गया था परिवार, पीछे से हुई चोरी

मामले में प्रार्थी सीताराम गुप्ता (45 वर्ष), निवासी शुक्रवारी बाजार, बंजारी नगर, रावांभाठा ने 2 नवंबर 2026 को थाना खमतराई में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर को दशहरा मनाने के लिए वह अपने परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर अपने गृहग्राम खटखरी, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज (मध्यप्रदेश) गए थे।

2 नवंबर को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर आलमारी का ताला भी टूटा मिला। आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थे। प्रार्थी के मुताबिक, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपये थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1163/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में चोरी करना स्वीकार किया

मामले की गंभीरता को देखते हुए खमतराई पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। आरोपियों की तलाश के लिए सिविल पेट्रोलिंग स्टाफ और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। जांच और संदेहियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सागर मलिक, मनीषा साहू, राहुल उर्फ ओमप्रकाश निर्मलकर और चेतन निषाद को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाने और रात के समय रॉड से मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी की थी, जिसे आपस में बांट लिया था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 3.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 29 हजार रुपये नकद बरामद किए। इस तरह कुल 3.79 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया। चारों आरोपियों को 6 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
– सागर मलिक (31 वर्ष), निवासी बंजारी नगर, रावांभाठा, रायपुर।
– मनीषा साहू (27 वर्ष), निवासी बंजारी नगर, रावांभाठा, रायपुर।
– राहुल उर्फ ओमप्रकाश निर्मलकर (25 वर्ष), निवासी बंजारी नगर, रावांभाठा, रायपुर।
– चेतन निषाद (27 वर्ष), निवासी पठान संकरी, पलारी, जिला बलौदाबाजार, हाल निवासी बंजारी नगर, रावांभाठा, रायपुर।
यह कार्रवाई डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन, एडीसीपी नॉर्थ आदित्य पाण्डेय के मार्गदर्शन और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में की गई।


Related Articles