Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। फेडरेशन ने मुख्यमंत्री साय को अपने आगामी अभिनंदन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।
प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदेश के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित प्रमुख मांग रही है। इस फैसले से विशेष रूप से गंभीर बीमारियों और आकस्मिक उपचार की स्थिति में कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।
फेडरेशन के पदाधिकारियों के अनुसार, अब उपचार के लिए पहले बड़ी रकम की व्यवस्था करने और बाद में चिकित्सा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया से गुजरने जैसी परेशानियां कम होंगी। इससे लाखों शासकीय सेवकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा एवं संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

