Agrasen Jayanti Holiday in CG: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में अग्रवाल समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को बड़ा ऐलान किया है। अब प्रदेश में अग्रसेन जयंती के अवसर पर सरकारी अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय अग्र महाकुंभ सम्मेलन के मंच से इसकी घोषणा की। घोषणा के बाद सम्मेलन में मौजूद अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने इसका स्वागत किया।
अग्रसेन जयंती पर सरकारी छुट्टी की घोषणा
अंबिकापुर के होटल ग्रैंड वसंत में आयोजित अग्र महाकुंभ सम्मेलन में प्रदेशभर से अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को सम्मेलन में पहुंचे और मंच से अग्रसेन जयंती के दिन प्रदेश में सरकारी अवकाश घोषित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद समाज के लोगों ने इसका स्वागत किया। अग्रसेन जयंती पर सरकारी अवकाश की मांग समाज की ओर से लंबे समय से उठाई जा रही थी। ऐसे में सम्मेलन के दौरान हुई यह घोषणा कार्यक्रम की प्रमुख घोषणाओं में शामिल रही।
अग्रवाल समाज के योगदान का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में अग्रवाल समाज के सामाजिक और आर्थिक योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों ने सामाजिक सेवा के साथ शिक्षा, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास में अग्रवाल समाज के योगदान की सराहना करते हुए सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन की भी प्रशंसा की।
अंबिकापुर में जुटे प्रदेशभर के समाज के प्रतिनिधि
अग्रवाल समाज की ओर से आयोजित दो दिवसीय अग्र महाकुंभ सम्मेलन में प्रदेशभर से समाज के प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुए हैं। सम्मेलन के साथ दशम अग्र अलंकरण समारोह का भी आयोजन किया जा रहा है। अग्र अलंकरण समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और व्यक्तियों को सम्मानित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
अग्र महाकुंभ सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अलावा कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, अमर अग्रवाल और सांसद चिंतामणि महाराज सहित बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि और अन्य लोग मौजूद रहे। अग्रसेन जयंती पर सरकारी अवकाश की घोषणा के बाद सम्मेलन में मौजूद समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।

