MP Weather: एमपी में मानसून की दस्तक जल्द, आंधी-बारिश का कहर, श्योपुर में 4 की मौत, कई जिलों में अलर्ट

MP Weather: एमपी में मानसून की दस्तक जल्द, आंधी-बारिश का कहर, श्योपुर में 4 की मौत, कई जिलों में अलर्ट

MP Weather Update: भोपाल। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में मानसून 15 से 18 जून के बीच प्रवेश कर सकता है। इससे पहले प्रदेशभर में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

शुक्रवार को श्योपुर जिले में तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। रजपुरा गांव में तेज हवाओं के कारण एक मकान की दीवार गिर गई, जिसके मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं जिले में ऑटो पलटने की घटना में एक महिला की भी जान चली गई। इस तरह आंधी से जुड़े हादसों में कुल चार लोगों की मौत हुई है।

मौसम विभाग ने शनिवार को भिंड, दतिया, छतरपुर, पन्ना और सागर जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने और बारिश होने की संभावना जताई है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, ग्वालियर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, रीवा, सतना, शहडोल, दमोह सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

हालांकि प्री-मानसून बारिश के बावजूद प्रदेश जून माह की वर्षा में पिछड़ा हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक मध्य प्रदेश में औसत से 23 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में वर्षा सामान्य से 55 प्रतिशत कम रही है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में औसत से 2 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

बारिश और तेज हवाओं के चलते कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। रीवा में 7.3 डिग्री, सतना में 6.6 डिग्री, ग्वालियर में 5.8 डिग्री और दतिया में 4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान कम हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी और मानसून के आगमन के साथ बारिश का दायरा और बढ़ सकता है।


Related Articles