Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी कर जनजातीय समाज के संघर्ष, शौर्य, बलिदान और गौरवशाली परंपराओं को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस भारत के स्वाभिमान और गौरवशाली विरासत का उत्सव है। यह दिन उन महान जननायकों के साहस और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने अपनी मातृभूमि, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है। सरकार का उद्देश्य जनजातीय समुदाय को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बस्तर को देश का अग्रणी जनजातीय संभाग बनाने और भगवान बिरसा मुंडा के सपनों को साकार करने का संकल्प दोहराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां के जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जुड़ी है। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा और शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान जननायकों का संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनजातीय समाज का हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े। इसके लिए बेहतर सुविधाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनकी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को संरक्षित रखने पर भी जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह को नमन करते हुए जनजातीय समाज के सम्मान, समृद्धि और विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।

