Mahadev Satta App Case: रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। एप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने पिछले कुछ दिनों में 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। ये कार्रवाई पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर की गई। सीबीआई के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कई जगहों पर लाइव सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें बंद करा दिया गया है। जांच में डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। इनसे म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।
सौरभ चंद्राकर की पूछताछ के बाद 33 ठिकानों पर छापेमारी
सीबीआई के अनुसार, सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के संचालन और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी मिली। इसके बाद जांच एजेंसी ने छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल चलते पाए गए। सीबीआई ने इन पैनलों को बंद करा दिया है।
डिजिटल डिवाइस और अहम दस्तावेज बरामद
छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी को मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। सीबीआई के मुताबिक, शुरुआती जांच में ऐसे सबूत सामने आए हैं, जिनसे पता चलता है कि सट्टेबाजी के पैसों के लेनदेन में म्यूल अकाउंट्स यानी दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों और हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था।
ओमान से प्रत्यर्पण के बाद गिरफ्तार हुआ था सौरभ चंद्राकर
बता दें कि महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद सीबीआई ने 1 नवंबर को उसे गिरफ्तार किया था। रायपुर के विशेष न्यायाधीश (CBI मामले) ने उसे 8 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा था।
पुलिस कस्टडी की अवधि पूरी होने के बाद 12 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कैसे काम करता था महादेव सट्टा एप का नेटवर्क?
सीबीआई के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर ने जांच एजेंसी को बताया कि महादेव ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म किस तरह संचालित होता था और भारत में इसके पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क कैसे फैला हुआ था। जांच एजेंसी ने दस्तावेजी और डिजिटल सबूतों के आधार पर उससे पूछताछ की।
अब तक की जांच में सामने आया है कि इस प्लेटफॉर्म का संचालन विदेश में स्थित एक मुख्य कार्यालय के जरिए किया जाता था। भारत में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था, जो ग्राहकों की आईडी संभालने और सट्टेबाजी से जुड़े लेनदेन का काम करता था।
म्यूल अकाउंट और हवाला के जरिए विदेश भेजा जाता था पैसा
जांच एजेंसी के अनुसार, सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराई जाती थी, जो दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए थे या किराए पर लिए गए थे। इसके बाद हवाला नेटवर्क के जरिए मुनाफे की रकम विदेश भेजी जाती थी।
अन्य आरोपियों और सरकारी अधिकारियों की भूमिका की जांच
छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से मामला मिलने के बाद सीबीआई ने महादेव ऑनलाइन बुक के संबंध में दो एफआईआर दर्ज की थीं। फिलहाल जांच एजेंसी इस पूरे नेटवर्क में अन्य आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। इसमें विदेश में मौजूद आरोपी, नेटवर्क को मदद पहुंचाने वाले लोग और इससे जुड़े सरकारी अधिकारी भी जांच के दायरे में हैं। फरार आरोपियों को भारत वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।

