Mahasamund Road Accident: खड़े ट्रक में जा घुसी मरीज को ले जा रही एंबुलेंस, दो महिलाओं की मौके पर मौत, तीन गंभीर

Mahasamund Road Accident: खड़े ट्रक में जा घुसी मरीज को ले जा रही एंबुलेंस, दो महिलाओं की मौके पर मौत, तीन गंभीर

Mahasamund Road Accident: महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बागबाहरा थाना क्षेत्र की है।

देवाशीष स्कूल के पास हुआ भीषण हादसा

जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 एक मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद एंबुलेंस में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

दो महिलाओं की मौके पर मौत, तीन गंभीर घायल

हादसे में दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने एंबुलेंस में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला।

इसके बाद घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहीं, दोनों महिलाओं के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को किया रेफर

बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।


Related Articles