Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। शहर के सिविल लाइन वार्ड में भंगाराम चौक के पास संचालित एसएलआरएम सेंटर से फैल रही बदबू और अव्यवस्थाओं को लेकर वार्डवासियों का आक्रोश सामने आया है। बार-बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए लोगों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरा सेंटर से निकलने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने भी नगर निगम प्रशासन और महापौर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने इसे निगम प्रशासन की नाकामी बताते हुए शहर के बीच संचालित कचरा सेंटरों को आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोगों की लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कचरा सेंटर के अलावा वार्ड में पेयजल, राशन और पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को भी उठाया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सेंटर से फैलने वाली बदबू का असर आसपास रहने वाले लोगों के साथ आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले छोटे बच्चों पर भी पड़ रहा है। उनका कहना है कि निगम, महापौर और कलेक्टर तक शिकायत पहुंचाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सुशील मौर्य ने चेतावनी दी कि रेलवे कॉलोनी, धरमपुरा और नया मुंडा सहित शहर के अन्य इलाकों में आबादी के बीच संचालित कचरा सेंटरों को भी दूसरी जगह शिफ्ट किया जाना चाहिए। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई है।

