Chhattisgarh Latest News: भूपेश बघेल का भाजपा पर तंज, बोले- आज चुनाव हुए तो एक इनोवा में सिमट जाएगी पार्टी; धान खरीदी और जनगणना पर भी उठाए सवाल

Chhattisgarh Latest News: भूपेश बघेल का भाजपा पर तंज, बोले- आज चुनाव हुए तो एक इनोवा में सिमट जाएगी पार्टी; धान खरीदी और जनगणना पर भी उठाए सवाल

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेसवार्ता में भाजपा और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा की राजनीतिक स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि यदि आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा एक इनोवा में सिमट जाएगी। बघेल ने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा सरकार की स्थिति खराब है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को सिर्फ ज्ञानेश कुमार ही चुनाव जीता सकते हैं। उनके मुताबिक, ज्ञानेश कुमार रहेंगे तो भाजपा 90 में 91 सीटें जीत जाएगी।

बघेल ने 15 नवंबर को छठ पर्व का उल्लेख करते हुए भाजपा नेता नितिन नवीन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छठ पर्व के बावजूद नितिन नवीन बिहार नहीं जा रहे हैं। बिहार उपचुनाव में हार के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ आना पड़ गया है।

धान खरीदी के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार को घेरते हुए कहा कि धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू हो जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रति एकड़ आदान सहायता देना कांग्रेस की योजना को ही आगे बढ़ाना है और भाजपा ने अंततः कांग्रेस की नीति को अपनाया है। बघेल ने कहा कि आदान सहायता के नाम पर किसानों को झुनझुना पकड़ा रही सरकार की धान खरीदी व्यवस्था भी कमजोर नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों से पूरा धान खरीदना नहीं चाहती।

उन्होंने सरकार से सवाल किया कि क्या पर्याप्त बारदाने और धान रखने के लिए जगह की व्यवस्था कर ली गई है? किसानों को भुगतान करने के लिए पर्याप्त राशि है या नहीं? राइस मिलर्स ने पिछले वर्ष का पूरा चावल जमा किया है या नहीं? यदि चावल जमा नहीं हुआ है तो धान के उठाव के लिए डीओ कैसे जारी होगा? बघेल ने धान खरीदी की तैयारियों को लेकर सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।

जनगणना-2027 को लेकर भी बघेल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जाति जनगणना को लेकर झूठ बोल रहे हैं और राजपत्र में जाति जनगणना का उल्लेख नहीं है। बघेल का आरोप है कि जनगणना में ओबीसी वर्ग को बाहर रखा गया है। उन्होंने मांग की कि एससी-एसटी के साथ ओबीसी वर्ग की भी गणना होनी चाहिए।

भिलाई नगर निगम चुनाव को लेकर बघेल ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि भिलाई नगर निगम क्षेत्र में 5 हजार से अधिक नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। उनके मुताबिक, पूरे प्रदेश में करीब 25 हजार नए मतदाता सूची से बाहर हैं। उन्होंने इसे जेन-जी मतदाताओं के साथ अन्याय बताते हुए चुनाव आयोग से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की मांग की।


Related Articles