Raipur Latest News: डिलीवरी बॉय को बाइक से टक्कर मारकर गिराया, फिर मारपीट कर 5 हजार रुपये और सोने की अंगूठी लूटी, दो आरोपी गिरफ्तार

Raipur Latest News: डिलीवरी बॉय को बाइक से टक्कर मारकर गिराया, फिर मारपीट कर 5 हजार रुपये और सोने की अंगूठी लूटी, दो आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के आमानाका थाना क्षेत्र में डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले बाइक से टक्कर मारकर डिलीवरी बॉय को सड़क पर गिराया और फिर उसके साथ मारपीट कर नकदी और सोने की अंगूठी लूट ली। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित हबीब खान स्विगी इंस्टामार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता है। उसने शिकायत दर्ज कराई कि 10 नवंबर को वह अपनी एक्टिवा से महोबा बाजार से सरोना पार्सल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान डुमर तालाब के पास बाइक सवार दो युवकों ने जानबूझकर उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद दोनों आरोपी उससे पैसों की मांग करने लगे। विरोध करने पर एक अन्य व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गया और तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसके पर्स से 5 हजार रुपये नकद और हाथ में पहनी सोने की अंगूठी लूट ली और फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 376/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों की तलाश कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। जांच के आधार पर पुलिस ने दुष्यंत साहू और शुभांशु नागवंशी उर्फ शिब्बू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी डुमर तालाब के पास आमानाका थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Related Articles