Chhattisgarh Latest News: पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की बढ़ीं मुश्किलें, 61.20 करोड़ की संपत्ति अटैचमेंट के बाद कुर्की के फैसले पर लगी मुहर

Chhattisgarh Latest News: पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की बढ़ीं मुश्किलें, 61.20 करोड़ की संपत्ति अटैचमेंट के बाद कुर्की के फैसले पर लगी मुहर

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दिल्ली स्थित प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के निर्णायक प्राधिकरण ने चैतन्य बघेल से जुड़ी करोड़ों रुपये की संपत्तियों को कुर्क करने के प्रवर्तन निदेशालय (ED) के आदेश को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद 23 मार्च 2026 को जारी आदेश की प्रतियां चैतन्य बघेल के भिलाई-3 स्थित आवास ‘1/7, मानसरोवर आवासीय परिसर’ की बाहरी दीवार पर चस्पा की गई हैं।

ED की जांच के मुताबिक, छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से कथित तौर पर अर्जित अवैध रकम का इस्तेमाल चैतन्य बघेल ने रियल एस्टेट कारोबार और अन्य संपत्तियों में किया था। जांच एजेंसी का दावा है कि वह शराब सिंडिकेट के शीर्ष स्तर पर सक्रिय थे और अवैध पैसों के लेन-देन का हिसाब रखते थे। हालांकि, ये आरोप जांच एजेंसी के दावे हैं।

प्रवर्तन निदेशालय ने 10 नवंबर 2025 को संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त करने का आदेश (PAO संख्या 08/2025) जारी किया था। इसके बाद 8 दिसंबर 2025 को निर्णायक प्राधिकरण के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई। 19 मार्च 2026 को हुई सुनवाई के बाद प्राधिकरण के सदस्य (वित्त) प्रदीप कुमार उपाध्याय ने संपत्तियों की कुर्की को मंजूरी दी। आदेश में घोटाले की कथित रकम के इस्तेमाल से जुड़े साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है।

इससे पहले नवंबर 2025 में ED ने चैतन्य बघेल से जुड़ी कुल 61.20 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की थीं। इनमें उनके विट्ठल ग्रीन्स प्रोजेक्ट के प्लॉट भी शामिल थे। अब प्राधिकरण के हालिया आदेश के तहत मेसर्स विट्ठल डेवलपर्स के मालिक चैतन्य बघेल से जुड़ी कई अन्य संपत्तियों की कुर्की को भी मंजूरी मिली है।

आदेश के मुताबिक, भिलाई-3 (दुर्ग) में करीब 1 करोड़ 64 लाख 87 हजार 721 रुपये मूल्य का एक प्लॉट/भवन, भिलाई में एक आवासीय मकान और दुर्ग में एक कमर्शियल दुकान/प्लॉट शामिल हैं। इसके अलावा चैतन्य बघेल के नाम पर बैंक खाते में जमा 41 लाख 20 हजार रुपये और एक-एक लाख रुपये की दो फिक्स्ड डिपॉजिट भी कुर्की के दायरे में हैं।

दुर्ग जिले की पाटन तहसील के ग्राम कुरुडीह में स्थित कृषि भूमि के कई खसरा नंबर (136/14 से 136/25 आदि) को भी इस कार्रवाई में शामिल किया गया है।

हालांकि, प्राधिकरण के इस आदेश के खिलाफ चैतन्य बघेल के पास कानूनी विकल्प मौजूद है। आदेश के अनुसार, वह इसकी प्राप्ति के 45 दिनों के भीतर PMLA अपीलीय न्यायाधिकरण में ऑनलाइन अपील दायर कर सकते हैं।


Related Articles