Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का किया शुभारंभ, कर्मचारियों को AI और साइबर सुरक्षा की मिलेगी ट्रेनिंग

Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का किया शुभारंभ, कर्मचारियों को AI और साइबर सुरक्षा की मिलेगी ट्रेनिंग

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान जिला कार्यालय में शासकीय कर्मचारियों के लिए स्थापित आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बिलासपुर अंचल द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत स्थापित इस केंद्र में कर्मचारियों को कंप्यूटर संचालन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और साइबर सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल से कर्मचारियों की डिजिटल दक्षता और कार्यक्षमता बढ़ेगी। साथ ही नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ अधिक सरलता, पारदर्शिता और तेजी से मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन की अवधारणा को साकार करने में आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। बदलते समय के साथ शासकीय कर्मचारियों का डिजिटल रूप से दक्ष होना आवश्यक है। कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग प्रशासनिक कार्यों को अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बना सकता है।

उन्होंने कहा कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ शासकीय अभिलेखों और नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यह प्रशिक्षण केंद्र कर्मचारियों के कौशल उन्नयन के साथ जनसेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने में सहायक होगा। मुख्यमंत्री ने इस जनोपयोगी पहल के लिए भारतीय स्टेट बैंक की सराहना की।

प्रशिक्षण केंद्र में शासकीय कर्मचारियों को कंप्यूटर के प्रभावी उपयोग, डिजिटल कार्यप्रणाली और कार्यालयीन कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा साइबर सुरक्षा के तहत फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, संदिग्ध लिंक की पहचान, सुरक्षित पासवर्ड, डेटा की गोपनीयता और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी।

जिला प्रशासन के सहयोग और मार्गदर्शन में संचालित यह केंद्र ई-गवर्नेंस को मजबूत करने के साथ आधुनिक तकनीक से सक्षम, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने में मददगार साबित होगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल एवं श्री सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और एसएसपी श्री रजनेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


Related Articles