CG News: छत्तीसगढ़ के 4.25 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेगा 62.27 करोड़ का बोनस, CM साय ने किया वितरण का शुभारंभ

CG News: छत्तीसगढ़ के 4.25 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेगा 62.27 करोड़ का बोनस, CM साय ने किया वितरण का शुभारंभ

Chhattisgarh News: जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए राज्य सरकार ने बोनस वितरण की सौगात दी है। 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) वितरण का शुभारंभ किया। इसके तहत वर्ष 2024 में लाभ में रही 386 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 4 लाख 25 हजार 507 संग्राहकों को कुल 62.27 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी।

कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप सहित अन्य मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वनांचल में रहने वाले आदिवासी और परंपरागत वनवासी परिवारों की आर्थिक समृद्धि और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़े परिवारों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

देश में सर्वाधिक 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा संग्रहण पारिश्रमिक

छत्तीसगढ़ में लगभग 13.50 लाख तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार पंजीकृत हैं। राज्य सरकार की ओर से तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से पारिश्रमिक दिया जा रहा है। यह दर देश में सर्वाधिक बताई गई है। संग्रहण वर्ष 2026 में 11.53 लाख संग्राहक परिवारों ने कुल 13.85 लाख मानक बोरा तेंदूपत्ता का संग्रहण किया। इसके एवज में संग्राहकों को 761.90 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

पिछले वर्ष 7.12 लाख संग्राहकों को मिला था 161 करोड़ का बोनस

राज्य सरकार लाभ में रहने वाली समितियों के माध्यम से संग्राहकों को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी उपलब्ध करा रही है। संग्रहण वर्ष 2023 में लाभ में रही समितियों के 7.12 लाख संग्राहकों को जुलाई 2026 में 161 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन पारिश्रमिक दिया गया था। अब संग्रहण वर्ष 2024 के लाभांश के रूप में 62.27 करोड़ रुपये के बोनस वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई है।

सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 21.92 करोड़ का भुगतान

राजमोहिनी देवी तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत वर्ष 2026 में अब तक 1,556 प्रकरणों में 21.92 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसके साथ ही 300 नए प्रकरणों में 3.60 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि भी वितरित की जा रही है।

शहीद महेन्द्र कर्मा योजना के लंबित मामलों में भी भुगतान

शहीद महेन्द्र कर्मा तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत वर्ष 2022 और 2023 के लंबित 42 प्रकरणों में 89.50 लाख रुपये के भुगतान की पहल की जा रही है। ये मामले पूर्ववर्ती सरकार के समय से लंबित थे।

वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन आधारित आजीविका को बढ़ावा

राज्य में तेंदूपत्ता और अन्य अराष्ट्रीयकृत लघु वनोपज के संग्रहण एवं विपणन की व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के माध्यम से वन आधारित आजीविका को प्रोत्साहित किया जा रहा है। संग्रहण पारिश्रमिक, बोनस और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के जरिए वनांचल के परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।


Related Articles