Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने प्रदेश की पहली ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग का किया लोकार्पण, 12.60 करोड़ की लागत से 80 कारों की होगी पार्किंग

Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने प्रदेश की पहली ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग का किया लोकार्पण, 12.60 करोड़ की लागत से 80 कारों की होगी पार्किंग

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड परिसर में छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा करीब 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी। इस सुविधा के शुरू होने से पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या कम होने के साथ यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच यातायात प्रबंधन और पार्किंग की चुनौतियों का समाधान आधुनिक तकनीक से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमित स्थान में अधिकतम वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने वाली यह परियोजना शहरी अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे नागरिकों का समय बचेगा और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

भूतल सहित पांच मंजिला इस पार्किंग भवन में प्रथम से चौथे तल तक प्रत्येक मंजिल पर 20 कारें खड़ी करने की व्यवस्था है। भूतल पर वाहनों के प्रवेश, निकास और स्वचालित संचालन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। आधुनिक तकनीक से तैयार इस परियोजना में सीमित शहरी भूमि का बेहतर उपयोग किया गया है।

इस पार्किंग की सबसे खास बात इसकी शटल तकनीक है, जिसके जरिए कार बिना चालक के निर्धारित स्थान पर पहुंचकर पार्क हो जाएगी। वाहन चालक को केवल भूतल पर बने निर्धारित प्रवेश बे में अपनी कार खड़ी कर बाहर आना होगा। इसके बाद स्वचालित नियंत्रण प्रणाली के माध्यम से एलिवेटर कार को निर्धारित मंजिल तक पहुंचाएगा। वहां शटल रोबोटिक उपकरण कार को खाली पार्किंग स्लॉट में सुरक्षित खड़ा कर देगा।

इसी तरह जब वाहन चालक को अपनी कार वापस चाहिए होगी, तो अनुरोध करने पर स्वचालित प्रणाली कार को पार्किंग स्लॉट से निकालकर भूतल स्थित निकास बे तक पहुंचा देगी। इस पूरी प्रक्रिया में चालक को ऊपरी मंजिलों पर जाने, पार्किंग स्लॉट तलाशने या स्वयं कार चलाकर पार्क करने की जरूरत नहीं होगी।

परियोजना में दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश और दो निकास बे बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप और स्वचालित नियंत्रण एवं निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। परियोजना के डिजाइन के अनुसार इसकी संचालन क्षमता लगभग 60 वाहन प्रति घंटे निर्धारित की गई है।

इस सुविधा से पुराना बस स्टैंड और आसपास के बाजारों में आने वाले लोगों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित पार्किंग मिल सकेगी। सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग कम होने से यातायात दबाव घटाने में भी सहायता मिलेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला एवं धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी तथा क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


Related Articles