Chhattisgarh Latest News: पटवारी-RI पदोन्नति परीक्षा पेपर लीक मामले में EOW की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली से दो आरोपी गिरफ्तार, 8 दिन की पुलिस रिमांड

Chhattisgarh Latest News: पटवारी-RI पदोन्नति परीक्षा पेपर लीक मामले में EOW की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली से दो आरोपी गिरफ्तार, 8 दिन की पुलिस रिमांड

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) पदोन्नति परीक्षा पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW-ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की टीम ने मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीर सिंह जाटव (35 वर्ष) और अरविंद जाटव (41 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से 8 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की गई है। अदालत ने आरोपियों को 23 नवंबर 2026 तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।

EOW के अनुसार, दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र के ग्राम घना की गड़िया के निवासी हैं। उन्हें 16 नवंबर 2026 को विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), रायपुर में पेश किया गया। अब ब्यूरो की टीम रिमांड के दौरान उनसे पेपर लीक से जुड़े नेटवर्क और अन्य संदिग्धों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।

जांच के मुताबिक, 7 जनवरी 2024 को पटवारियों को राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण के लिए चयनित करने के उद्देश्य से विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा आयुक्त, भू-अभिलेख द्वारा कराई गई थी और इसके परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। बाद में परीक्षा में गड़बड़ी और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं। इसके बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने उच्च स्तरीय जांच कराई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने मामले की जांच EOW-ACB को सौंपी थी। प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के तथ्य मिलने के बाद अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

EOW की जांच में आरोप है कि वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सह-आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर साजिश रची थी। आरोपियों ने परीक्षा की गोपनीयता भंग कर परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक किया और उसे परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों तक पहुंचाया। इसके बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूले जाने का भी आरोप है।

मामले में 15 नवंबर 2026 को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की पहचान परेड कराई गई थी। इस दौरान परीक्षा में शामिल हुए संबंधित पटवारियों ने आरोपियों की पहचान प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने, लीक पेपर से तैयारी के लिए स्थान मुहैया कराने और अवैध वसूली करने वाले व्यक्तियों के रूप में की। पहचान परेड और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।

इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(सी) और भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 एवं 120-बी के तहत अपराध दर्ज है। फिलहाल EOW-ACB दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस रिमांड के दौरान पेपर लीक नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों, अभ्यर्थियों से वसूली गई रकम और पूरे मामले में आरोपियों की भूमिका को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।


Related Articles