Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। बलरामपुर जिले की ग्राम पंचायत लिलौटी में नए धान उपार्जन केंद्र का उद्घाटन किया गया। पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर खरीदी की शुरुआत की गई। इस दौरान किसानों का फूल-माला से स्वागत किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
लिलौटी और आसपास के गांवों के किसान लंबे समय से अपने क्षेत्र में धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग कर रहे थे। अब यह मांग पूरी होने से लिलौटी सहित आसपास के पांच गांवों के 585 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले किसानों को धान बेचने के लिए 10 से 15 किलोमीटर दूर दूसरे खरीदी केंद्रों तक जाना पड़ता था। इससे उन्हें समय और परिवहन पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता था। कई बार टोकन और तौल के लिए पूरा दिन इंतजार करना पड़ता था। नया केंद्र शुरू होने से अब किसानों को गांव में ही टोकन, तौल और धान बिक्री की सुविधा मिलेगी।
केंद्र में खरीदी के पहले दिन ही किसानों ने 56 क्विंटल धान बेचा। सुबह से ही किसान पिकअप वाहनों में धान लेकर केंद्र पहुंचने लगे थे। यहां टोकन काउंटर, तौल कांटा, बारदाना, धान भंडारण, पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था की गई है। किसानों ने व्यवस्था पर संतोष जताते हुए बताया कि टोकन काउंटर पर भीड़ नहीं है और तौल के बाद तुरंत पर्ची मिल रही है। इससे उन्हें खरीदी प्रक्रिया में सहूलियत हो रही है।
एक किसान ने बताया कि पहले धान बेचने के लिए दूर जाना पड़ता था, जिससे पूरा दिन खराब हो जाता था। अब गांव में ही केंद्र खुलने से काफी राहत मिली है। वहीं, दूसरे किसान ने कहा कि प्रशासन की व्यवस्था अच्छी है और उम्मीद है कि भुगतान भी समय पर मिलेगा।
जिले में इस वर्ष धान खरीदी के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पांच नए उपार्जन केंद्र शुरू किए जाने के बाद अब जिले में कुल 54 केंद्रों पर खरीदी हो रही है। इसके साथ ही सात नई समितियां भी बनाई गई हैं। जिले में पंजीकृत किसानों की संख्या बढ़कर 54,019 हो गई है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 51,631 थी। पंजीकृत रकबा भी बढ़कर 95,867 हेक्टेयर हो गया है। इस वर्ष जिले में धान खरीदी का लक्ष्य 3 लाख 43 हजार मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है।
केंद्र प्रभारी के अनुसार किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं। पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध है और तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने की व्यवस्था की गई है। नए केंद्र के शुरू होने से किसानों में खुशी है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी।

