Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार का उद्देश्य बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस कॉलेज में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्थान की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूरा हो चुका है। इनमें लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं। कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद छात्राओं को प्रतिष्ठित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री साय ने छात्राओं से पूरी लगन, अनुशासन और सेवाभाव के साथ प्रशिक्षण लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मरीजों की देखभाल और उपचार में नर्सिंग कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। एक अच्छा नर्सिंग कर्मी तकनीकी दक्षता के साथ संवेदनशीलता, करुणा और सहानुभूति की भावना भी रखता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब इनकी संख्या 15 से अधिक हो चुकी है। इस वर्ष पांच नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के संकल्प का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में मिशन मोड पर काम किया जा रहा है। साथ ही जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा एवं विकास के माध्यम से नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी और छात्राएं उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने प्रथम बैच की सभी 120 छात्राओं को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह संस्थान बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती प्रदान करेगा।

