Raipur Latest News: धान खरीदी के पहले दिन किसानों को लगा झटका, रातोंरात बदल दिया गया खरीदी केंद्र, धान लेकर पहुंचे तो उड़े होश

Raipur Latest News: धान खरीदी के पहले दिन किसानों को लगा झटका, रातोंरात बदल दिया गया खरीदी केंद्र, धान लेकर पहुंचे तो उड़े होश

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। जिले के अभनपुर क्षेत्र के बिरोदा गांव में धान खरीदी शुरू होने के पहले ही दिन किसानों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिस खरीदी केंद्र को तैयार करने के लिए गांव के किसानों ने खुद मेहनत और पैसा लगाया था, वहां रविवार सुबह धान लेकर पहुंचने पर उन्हें पता चला कि खरीदी केंद्र को रातोंरात बकतरा स्थानांतरित कर दिया गया है। अचानक हुए इस फैसले से नाराज किसानों ने बकतरा केंद्र में धान बेचने से इनकार कर दिया है। उनकी मांग है कि बिरोदा में ही धान खरीदी शुरू की जाए।

किसानों के मुताबिक, शुरुआत में बकतरा में धान खरीदी केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया था, लेकिन वहां जगह की समस्या के चलते बिरोदा में केंद्र बनाने का फैसला हुआ। इसके बाद गांव के करीब 300 से 400 किसानों ने मिलकर मैदान तैयार किया और खरीदी के लिए जरूरी व्यवस्थाएं जुटाईं। किसानों का आरोप है कि रविवार रात करीब 12 बजे बिना किसी पूर्व सूचना के खरीदी केंद्र को दोबारा बकतरा स्थानांतरित करने का निर्णय ले लिया गया।

रविवार सुबह जब किसान धान लेकर बिरोदा केंद्र पहुंचे, तब पूछताछ के बाद उन्हें केंद्र बदलने की जानकारी मिली। अचानक हुए इस बदलाव से किसानों में नाराजगी है। उनका कहना है कि जब उन्होंने अपनी मेहनत और संसाधनों से खरीदी केंद्र की व्यवस्था तैयार की थी, तो बिना सूचना और उन्हें विश्वास में लिए यह फैसला क्यों लिया गया?

किसानों का कहना है कि बकतरा तक धान ले जाने से परिवहन खर्च बढ़ेगा। वहां पहुंचने का रास्ता भी खराब है और बीच में नहर पार करनी पड़ती है। शाम के समय धान बेचकर वापस लौटने के दौरान दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में केंद्र बदलने के फैसले से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

मामले में एसडीएम का कहना है कि बिरोदा में खरीदी केंद्र बनाने का निर्णय जमीन विवाद के कारण लिया गया था। बाद में जमीन से जुड़ा विवाद सुलझने के बाद बकतरा में ही केंद्र संचालित करने का फैसला किया गया।

हालांकि, किसान इस फैसले से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि बिरोदा में खरीदी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, ऐसे में उन्हें विश्वास में लिए बिना केंद्र स्थानांतरित करना उचित नहीं है। फिलहाल किसान अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक बिरोदा में धान खरीदी शुरू नहीं होती, वे बकतरा केंद्र में अपनी उपज नहीं बेचेंगे।


Related Articles