Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। चक्रवात के कारण प्रदेश में हो रही बारिश और फसलों को नुकसान की आशंका के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को राहत का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार फसल नुकसान की स्थिति में प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि चक्रवात के चलते फसलों को होने वाले संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं। यदि बारिश और तूफान के कारण फसलों को क्षति पहुंचती है, तो संबंधित क्षेत्रों में सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को फसल बीमा और मुआवजे से जुड़े प्रावधानों के तहत नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इससे पहले भी चक्रवात के कारण प्रदेश में फसलों को नुकसान पहुंचा था। उस दौरान भी सरकार ने क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को सहायता प्रदान की थी। इस बार भी फसल नुकसान का सर्वे कराया जाएगा और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से बारिश और चक्रवात के संभावित असर को लेकर चिंतित किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

