Chhattisgarh GPM News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गौरेला प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर राज्य और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश की आबकारी नीति, शराब दुकानों की संख्या, सूखे नशे के कारोबार, किसानों की समस्याओं और मतदाता सूची में नाम कटने के मुद्दे पर सरकार को घेरा। बघेल ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार शराब दुकानों की संख्या बढ़ाकर प्रदेश को नशे में डुबो रही है। वहीं, उन्होंने 26 नवंबर को कांग्रेस की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली आयोजित करने की घोषणा भी की।
शराब बिक्री और सूखे नशे के मुद्दे पर भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार कंपोजिट व्यवस्था के नाम पर शराब दुकानों की संख्या दोगुनी से अधिक कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में धीरे-धीरे शराब दुकानें कम की जा रही थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने बंद दुकानों को दोबारा खोलने के साथ 60 से 66 नई दुकानें बढ़ा दी हैं। उन्होंने प्रदेश में सूखे नशे के कारोबार के बढ़ने पर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि इसके पीछे प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता है, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
किसानों की समस्याओं और फसल नुकसान को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। बघेल ने कहा कि बेमौसम बारिश और तूफान से फसलों को नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार के पास किसानों को राहत देने की कोई ठोस योजना नजर नहीं आ रही है। उन्होंने पटवारियों की हड़ताल और थर्ड पार्टी सर्वे का हवाला देते हुए दावा किया कि हजारों किसानों का रकबा कम कर दिया गया या शून्य दर्ज कर दिया गया है। उन्होंने रकबा कटौती में मानवीय त्रुटियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि गलतियां होने पर रकबा बढ़ाने के बजाय केवल घटाया गया। इससे किसानों के धान बेचने में परेशानी और बैंक कर्ज का संकट बढ़ सकता है।
केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर भी भूपेश बघेल ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि सत्ता से हटने के तीन साल बाद भी उनके और उनके परिवार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेते हुए कहा कि यदि एक पूर्व मुख्यमंत्री और उसका परिवार उनके दिल-दिमाग में बसा है, तो यह भी एक बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई के डर से हर साल लाखों उद्योगपति देश छोड़कर विदेश जा रहे हैं।
मतदाता सूची के मुद्दे पर बघेल ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि देश में 13 करोड़ से अधिक और छत्तीसगढ़ में करीब 25 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उनके अनुसार, प्रभावित लोगों में आदिवासी, दलित और विवाहित महिलाओं की बड़ी संख्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2003 के रिकॉर्ड के नाम पर मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है। बघेल ने घोषणा की कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर सभी प्रदेश मुख्यालयों में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत रैलियां आयोजित करेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडे, मरवाही के पूर्व विधायक के.के. ध्रुव, जिला अध्यक्ष गजमती भानु सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

