Chhattisgarh Latest News: रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य स्तरीय दोनों पुरस्कार ग्रहण किए।
इस समारोह में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी राष्ट्रीय सम्मान मिला। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मौजूद रहे। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर और राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरी भी उपस्थित थे।
डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में बड़े बचेली नगर पालिका ने एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि दंतेवाड़ा नगर पालिका दूसरे स्थान पर रही। वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। इन पुरस्कारों के माध्यम से पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेन-देन से जोड़ने और उन्हें संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश को मिली इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान मिलना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल देकर सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। यह सम्मान प्रदेश में सुशासन, प्रभावी क्रियान्वयन और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेन-देन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देंगी।
पुरस्कार समारोह में बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा नगर पालिका की अध्यक्ष पायल गुप्ता और मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली नगर पालिका के अध्यक्ष राजू जायसवाल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव ने अपने-अपने निकायों की ओर से पुरस्कार ग्रहण किए।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, उनकी आजीविका मजबूत करने और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से शहरी आजीविका संवर्धन और छोटे कारोबारियों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

