Chhattisgarh Bastar News: बस्तर। दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर सीमित संसाधनों में भी सफलता की नई कहानी लिखी जा सकती है। बस्तर जिले की ग्राम पंचायत कोड़ेनार की रहने वाली कौशल्या सेठिया ने इसे साबित कर दिखाया है। घर के एक छोटे से कमरे से मशरूम उत्पादन की शुरुआत करने वाली कौशल्या आज इस काम को मुनाफे वाले व्यवसाय में बदल चुकी हैं। बिहान योजना और बैंक से मिले एक लाख रुपये के ऋण की मदद से उन्होंने अपने कारोबार का विस्तार किया है। आज उनके मशरूम उत्पादन की क्षमता 700 पैकेट तक पहुंच गई है और उनके ताजे मशरूम की मांग जगदलपुर, बास्तानार और दंतेवाड़ा सहित तीन जिलों के बाजारों में है। उनकी सफलता ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा बन रही है।
कौशल्या के इस सफर की शुरुआत वर्ष 2017 में स्व-सहायता समूह से जुड़ने के साथ हुई। समूह के माध्यम से उन्हें ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण मिला। यहां उन्होंने मशरूम उगाने की तकनीक और इसकी बारीकियां सीखीं। इसके बाद वर्ष 2024 में उन्होंने घर के एक छोटे से हिस्से से मशरूम उत्पादन शुरू किया। शुरुआत में पूंजी की कमी और बाजार तक पहुंच बनाने जैसी चुनौतियां सामने आईं, लेकिन उन्होंने गुणवत्ता बनाए रखते हुए अपने काम को आगे बढ़ाया।
कारोबार की संभावनाओं को देखते हुए राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन यानी बिहान और स्व-सहायता समूह की सामुदायिक निवेश निधि से उन्हें आर्थिक सहयोग मिला। व्यवसाय का विस्तार करने के लिए वर्ष 2026 में उन्होंने ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से एक लाख रुपये का स्वयं सिद्धा ऋण लिया। इस राशि से उन्होंने उत्पादन इकाई को बढ़ाया और आज उनकी उत्पादन क्षमता 700 पैकेट तक पहुंच गई है।
कौशल्या के मुताबिक, एक पैकेट तैयार करने में करीब 150 रुपये की लागत आती है, जबकि बाजार में उनका ताजा मशरूम 400 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से बिकता है। मशरूम की गुणवत्ता और ताजगी के चलते स्थानीय बाजारों में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। बास्तानार और जगदलपुर के अलावा पड़ोसी दंतेवाड़ा जिले तक उनके उत्पाद की पहुंच बन चुकी है। मशरूम उत्पादन से न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के सामने घर से व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बनने की मिसाल भी पेश की है।

