Chhattisgarh Latest News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं। रोबोटिक्स के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नवाचार का प्रदर्शन करते हुए रायपुर के दो होनहार विद्यार्थियों पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के बाद दोनों विद्यार्थियों का चयन दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाले ‘रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल’ के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी 28 और 29 नवंबर को होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री निवास में उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सही अवसर और प्रोत्साहन मिले तो छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं देश-दुनिया में अपनी पहचान बना सकती हैं। पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने रोबोटिक्स के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नवाचार के माध्यम से इसे साबित किया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद दोनों विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। दक्षिण कोरिया में होने वाली प्रतियोगिता में वे अपनी तकनीकी क्षमता, रचनात्मक सोच और नवाचार का प्रदर्शन करेंगे। यह उनके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि साझा की। उन्होंने विश्वास जताया कि पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे। रोबोटिक्स जैसे तकनीकी क्षेत्र में रायपुर के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के युवाओं में मौजूद नवाचार और तकनीकी प्रतिभा को सामने लाती है। अब सभी की निगाहें 28 और 29 नवंबर को दक्षिण कोरिया में होने वाले रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल पर टिकी हैं।

