Rajnandgaon Latest News: सड़क निर्माण विवाद में जिला सहकारी बैंक उपाध्यक्ष भरत वर्मा पर गंभीर आरोप, एफआईआर की मांग

Rajnandgaon Latest News: सड़क निर्माण विवाद में जिला सहकारी बैंक उपाध्यक्ष भरत वर्मा पर गंभीर आरोप, एफआईआर की मांग

Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव। जिले में निर्माणाधीन राजनांदगांव-मानपुर सड़क की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। सड़क निर्माण में लगी कार्य एजेंसी के कर्मचारियों और अधिकारियों ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि भरत वर्मा ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर गाली-गलौज की, मारपीट करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव से मोहला-मानपुर मार्ग पर सड़क निर्माण का काम चल रहा है। इसी दौरान कार्य एजेंसी के कर्मचारियों और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा के बीच विवाद हो गया। कर्मचारियों का कहना है कि भरत वर्मा पहले भी सड़क की गुणवत्ता को लेकर शिकायत कर चुके हैं। उनके अनुसार, इस शिकायत पर विभागीय जांच कराई गई थी, जिसमें निर्माण कार्य को सही पाया गया था।

कर्मचारियों के मुताबिक, कुमरदा और बुशाल के बीच फिलिंग का काम चल रहा था, तभी भरत वर्मा निर्माण स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मुरुम की जगह गिट्टी डालने की बात कही। इस पर कर्मचारियों ने उन्हें निर्माण कार्य से जुड़े तकनीकी प्रावधानों की जानकारी दी। आरोप है कि इसके बाद भरत वर्मा नाराज हो गए और साइट पर मौजूद कर्मचारियों, कंपनी के मालिक तथा विभागीय अधिकारियों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।

शिकायत के अनुसार, जब एक ग्रेडर ऑपरेटर ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो उसके साथ भी गाली-गलौज की गई। कर्मचारियों का आरोप है कि उसे मारने के लिए दौड़ाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।

घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि वे निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के लिए परिवार से दूर रहकर काम कर रहे हैं, लेकिन इस तरह के विवाद और धमकी के माहौल में काम करना मुश्किल हो रहा है। इसी मामले को लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और भरत वर्मा के खिलाफ शिकायत सौंपते हुए एफआईआर दर्ज करने तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की।


Related Articles