Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में देर रात करीब डेढ़ बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ यादव परिवार के घर में घुस गया। तेंदुए ने परिवार के 6 सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य रात में घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान उत्तरी बाई करीब डेढ़ बजे बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं। इसी दौरान उनका सामना तेंदुए से हो गया। तेंदुए ने उत्तरी बाई पर हमला कर दिया और इसके बाद घर के अंदर घुसकर वहां मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों को भी घायल कर दिया।
हमले में सरजू यादव (60), जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं। उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है, जबकि सुनीता यादव की आंख और चेहरे पर चोट बताई जा रही है। मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तेंदुए के हमले के बाद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह उसे एक कमरे में बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में करीब 10 सदस्य मौजूद थे। जनक यादव और उत्तरी बाई समेत परिवार के अन्य सदस्यों की मदद से तेंदुए को कमरे में बंद किया गया।
घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई है। फिलहाल तेंदुआ घर के एक कमरे में बंद है और वन विभाग की टीम उसके सुरक्षित रेस्क्यू की कार्रवाई में जुटी हुई है।

