Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान की दीवार में छेद कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 14.51 लाख रुपये के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किए गए हैं। वहीं, चोरी में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
मामला रामनगर कर्मा चौक के पास स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स का है। दुकान संचालक सुनील जैन 29 सितंबर की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो दाहिनी ओर की दीवार की प्लाई गिरी हुई थी और फर्नीचर बिखरा पड़ा था। दीवार में बड़ा छेद मिला और डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
शिकायत मिलने के बाद गुढ़ियारी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी विशाल सचदेव ने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू की थी, लेकिन फैक्ट्री नहीं चलने से उसे आर्थिक नुकसान हुआ और उस पर कर्ज हो गया। इसके बाद उसने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर ज्वेलरी दुकान में चोरी की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले ज्वेलरी दुकानों की रेकी की। 26-27 सितंबर की रात उन्होंने दुकान की दीवार में आधा छेद किया, लेकिन उस रात चोरी नहीं की। इसके बाद 29-30 सितंबर की रात आरोपी दोबारा दुकान के पास पहुंचे और पहले से किए गए छेद को बड़ा कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 50 हजार रुपये के सोने के आभूषण, करीब 3.5 किलो चांदी के आभूषण जिसकी कीमत करीब 7.91 लाख रुपये बताई गई है, 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल ज्वेलरी समेत वारदात में इस्तेमाल स्वीफ्ट कार और बिना नंबर की एक्टिवा बरामद की है। बरामद सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 14.51 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

