Surguja Latest News: 118 करोड़ की लागत से बनेगी भगवान बिरसा मुंडा पीठ, सरगुजा में शुरू होगा स्नातकोत्तर जनजातीय अध्ययन पाठ्यक्रम

Surguja Latest News: 118 करोड़ की लागत से बनेगी भगवान बिरसा मुंडा पीठ, सरगुजा में शुरू होगा स्नातकोत्तर जनजातीय अध्ययन पाठ्यक्रम

Chhattisgarh Surguja News: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा अंचल में जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य के अध्ययन एवं शोध को नई दिशा मिलने जा रही है। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा में 118 करोड़ रुपये की लागत से भगवान बिरसा मुंडा पीठ की स्थापना का प्रस्ताव तैयार किया गया है। राज्य सरकार से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे केंद्र सरकार की अनुमति के लिए भेजा जा चुका है। इसके साथ ही अगले शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर जनजातीय अध्ययन पाठ्यक्रम भी शुरू किया जाएगा। इन पहलों से सरगुजा को जनजातीय अध्ययन के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित करने की उम्मीद है।

इसकी घोषणा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले ने राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन सत्र में की। उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन एवं स्वशासी योजना के सहयोग से आयोजित इस संगोष्ठी का विषय जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य था। समापन समारोह में कुलपति मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने की।

कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले ने कहा कि जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य पर गंभीर विमर्श आज की आवश्यकता है। किसी भी समाज के लिए अपनी अस्मिता और पहचान बनाए रखने के लिए अपने मूल इतिहास को जानना जरूरी है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती और राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह जैसे जनजातीय नायकों के संघर्ष और योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन वीर नायकों ने देश की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका इतिहास नई पीढ़ी तक पहुंचना चाहिए, ताकि युवा अपनी जड़ों और विरासत पर गर्व कर सकें।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भगवान बिरसा मुंडा पीठ में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, दर्शन, संघर्ष और जनजातीय समाज के योगदान पर उच्च स्तरीय शोध किया जाएगा। वहीं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू होने से सरगुजा और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा और शोध के अवसर मिल सकेंगे।

संगोष्ठी के संयोजक सुनील अजीत कुमार केरकेट्टा ने आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान उच्च शिक्षा विभाग के अपर संचालक ज्ञानेंद्र शुक्ला और सहायक संचालक डॉ. गोवर्धन यदु के सहयोग की सराहना की गई। प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक आयोजनों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

दो दिवसीय संगोष्ठी में जनजातीय इतिहास, संस्कृति, साहित्य और गौरव जैसे विषयों पर चार सत्र आयोजित किए गए। इनमें लगभग 65 शोधार्थियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। इतिहास सत्र में रानी दुर्गावती और राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह जैसे नायकों के योगदान के साथ जनजातीय भाषाओं के महत्व पर चर्चा हुई। संस्कृति सत्र में करमा, सरहुल, मदई, लोकनृत्य और वन-ज्ञान जैसे विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए गए।

साहित्य सत्र में गोंडवानी, सोहराय और धनकुल गाथाओं के महत्व पर विचार रखे गए। वहीं जनजातीय गौरव सत्र में समाज की अस्मिता और सांस्कृतिक पहचान पर चर्चा हुई। संगोष्ठी में यह निष्कर्ष भी सामने आया कि जनजातीय इतिहास को पाठ्यक्रम और शोध में उचित स्थान देने के साथ मौखिक साहित्य, लोकगीत, लोकज्ञान और स्थानीय परंपराओं का दस्तावेजीकरण जरूरी है।


Related Articles