Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में चोरी की एक ऐसी वारदात का खुलासा हुआ है, जिसकी वजह ऑनलाइन गेमिंग में हुआ लाखों रुपये का नुकसान बनी। पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी को ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
मामला पुलिस चौकी मोहारा अंतर्गत ग्राम ठाकुरटोला का है। यहां रहने वाले दीपक वर्मा 25 अगस्त 2026 को सुबह करीब 9 बजे परिवार के साथ खेत गए थे। दोपहर करीब 1 बजे जब वे वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी से सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और पैर पट्टी गायब थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही सुरेन्द्र साहू (36) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम (25) पर संदेह हुआ। पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, सुरेन्द्र को ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने गणेश्वर के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। दोनों ने पहले घर की रेकी की और परिवार की दिनचर्या पर नजर रखी।
पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन दोनों सुबह करीब 4 बजे ही घर के पास पहुंच गए थे। गणेश्वर ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर चढ़कर छिप गया, जबकि सुरेन्द्र बाहर रहकर निगरानी करने लगा। सुबह करीब 9 बजे परिवार के खेत जाने के बाद सुरेन्द्र ने मोबाइल से अपने साथी को संकेत दिया। इसके बाद गणेश्वर नीचे उतरा और लोहे की रॉड से कमरे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुआ। उसने गोदरेज आलमारी तोड़कर जेवरात चोरी कर लिए।
वारदात के बाद दोनों कार क्रमांक CG 04 NZ 3480 से रायपुर भाग गए और इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये का मकान लेकर रहने लगे। चोरी के जेवरात बेचने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर कुछ जेवर किराये के मकान में छिपा दिए गए।
पुलिस जांच में सुरेन्द्र की एक अन्य चोरी का मामला भी सामने आया। आरोप है कि उसने रायपुर के अरिहंत नगर स्थित हेमंत साहू के मकान में घरेलू कामकाज के दौरान सोने के टॉप्स और झुमके की एक जोड़ी चोरी की थी। इन जेवरात को उसने डोंगरगढ़ के मुथूट फाइनेंस में गिरवी रख दिया था। पुलिस ने इन्हें भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने ग्राम ठाकुरटोला की चोरी के 8.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, वारदात में इस्तेमाल करीब 5 लाख रुपये की कार और रायपुर के अरिहंत नगर से चोरी किए गए 2 लाख रुपये के सोने के जेवरात जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 15 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र साहू पिता प्यारा दास साहू और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम पिता प्रीतम नेताम के रूप में हुई है। दोनों ग्राम ठाकुरटोला के निवासी हैं। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में साइबर सेल और मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

