Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कलार समाज के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता की सराहना करते हुए कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के आदर्श न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण की प्रेरणा देते हैं। समाज के हर वर्ग की उन्नति से ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कलार समाज का इतिहास अत्यंत समृद्ध रहा है। सातवीं से सत्रहवीं शताब्दी तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में कलचुरी वंश का शासन रहा। उन्होंने कहा कि समाज आज शिक्षा, कृषि, व्यापार और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। संगठित और जागरूक समाज प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
किसानों और महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी गई थी।
धान खरीदी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से खरीदी अभियान शुरू हो चुका है। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। चरण पादुका योजना दोबारा शुरू की गई है। इसके अलावा 5.5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम में दर्शन कर चुके हैं।
बस्तर में शांति और विकास के लिए सरकार के प्रयासों की दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त कर शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 15 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से छह हजार से अधिक आवासों का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बस्तर में खाली हो रहे सुरक्षा कैंपों को प्रशिक्षण और जनसेवा केंद्रों के रूप में विकसित कर ‘सेवा डेरा’ बनाया जा रहा है। स्वस्थ बस्तर योजना के तहत 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है और 40 हजार से अधिक लोगों को उपचार उपलब्ध कराया गया है। अग्रणी बस्तर अभियान के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और जॉब कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से भी काम किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार करना है।
80 हजार एकड़ जमीन को मिलेगी सिंचाई सुविधा
मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ हुए समझौते के तहत प्रत्येक परिवार को दो गाय उपलब्ध कराने और उत्पादित दूध की खरीदी की व्यवस्था विकसित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार में लगभग दो हजार करोड़ रुपये की दो बड़ी सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनके पूरा होने पर लगभग 80 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी दी
मुख्यमंत्री ने सुशासन और पारदर्शी प्रशासन के लिए शुरू की गई व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। यह टोल फ्री सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से ट्रांसफार्मर बदलने, सीमांकन, फौती और आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस व्यवस्था से करीब आठ हजार अधिकारी-कर्मचारी जुड़े हैं।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 38 विभागों की 900 से अधिक सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं छह हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने भी किया संबोधित
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश की 70 हजार से अधिक मितानिन बहनों को मितानिन दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कलार समाज के ऐतिहासिक योगदान और सामाजिक समरसता की परंपरा का उल्लेख करते हुए शिक्षा और संगठन के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कांकेर सांसद भोजराज नाग ने मुख्यमंत्री द्वारा स्थानीय आराध्य खण्डा डोकरा आंगा देव की पूजा-अर्चना किए जाने का उल्लेख करते हुए जनजातीय आस्था और संस्कृति के प्रति सम्मान की बात कही। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने क्षेत्र में विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से लंबित विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 32 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए, जिससे इसका निर्माण पूरा हो सका।
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, बस्तर आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, कलार समाज बस्तर संभाग के अध्यक्ष कमल किशोर कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

