Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए 18 करोड़ 42 लाख रुपए का आवंटन जारी किया है। यह राशि छह माह के मानदेय भुगतान के लिए जारी की गई है। आदेश के अनुसार अतिथि शिक्षकों का प्रतिमाह मानदेय 20 हजार रुपए निर्धारित है।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 18 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के 25 जिलों में कार्यरत कुल 1535 अतिथि शिक्षकों के लिए राशि आवंटित की गई है। इसमें बस्तर जिले के 133 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपए, कांकेर के 126 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 51 लाख 20 हजार रुपए और कोंडागांव के 141 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 69 लाख 20 हजार रुपए जारी किए गए हैं।
इसी तरह दंतेवाड़ा के 31 अतिथि शिक्षकों के लिए 37 लाख 20 हजार रुपए, सुकमा के 48 अतिथि शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपए, बीजापुर के 48 अतिथि शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपए और नारायणपुर के 36 अतिथि शिक्षकों के लिए 43 लाख 20 हजार रुपए का आवंटन किया गया है। इस तरह बस्तर संभाग के सातों जिलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए राशि उपलब्ध कराई गई है।
प्रदेश स्तर पर बलरामपुर जिले में 220 अतिथि शिक्षकों के लिए सबसे अधिक 2 करोड़ 64 लाख रुपए का आवंटन किया गया है। वहीं सूरजपुर में 130 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 56 लाख रुपए और सरगुजा में 71 अतिथि शिक्षकों के लिए 85 लाख 20 हजार रुपए जारी किए गए हैं।

