Chhattisgarh Sarangarh-Bilaigarh News: सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में एक आक्रामक आवारा कुत्ते के हमले से लोगों में दहशत फैल गई है। वार्ड क्रमांक 1, 2, 3 और 4 में कुत्ते ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत 31 लोगों को काटकर घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुत्ता एक दिन पहले से ही असामान्य व्यवहार कर रहा था और राह चलते लोगों को निशाना बना रहा था। देखते ही देखते उसने अलग-अलग इलाकों में कई लोगों पर हमला कर दिया। घटना के बाद प्रभावित वार्डों में लोगों के बीच डर का माहौल बना हुआ है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं।
सभी 31 घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के आरएमओ डॉ. नरेंद्र रात्रे ने बताया कि सभी घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया है और फिलहाल उनकी हालत सामान्य है।
इधर पार्षद रामनाथ सिदार ने प्रशासन से आक्रामक कुत्ते को जल्द पकड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी घटना हो सकती है। नगरपालिका की टीम मौके पर पहुंचकर कुत्ते को पकड़ने का प्रयास कर रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने और कुत्ते से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
इसी बीच एक बच्चे पर कुत्ते के हमले का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में आक्रामक कुत्ता अचानक बच्चे के पास पहुंचकर उस पर हमला करता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में कुत्ते को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

