Raipur News : झीरम हत्याकांड के फैसले से कांग्रेस असंतुष्ट, दीपक बैज ने बताई आगे की रणनीति

Raipur News : झीरम हत्याकांड के फैसले से कांग्रेस असंतुष्ट, दीपक बैज ने बताई आगे की रणनीति

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। झीरम घाटी हत्याकांड मामले में एनआईए कोर्ट के फैसले को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने बैठक कर आगे की रणनीति पर मंथन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि बैठक में तीन प्रमुख निर्णय लिए गए हैं। कांग्रेस पार्टी आलाकमान से समय लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात करेगी, पीड़ित और शहीद परिवारों के साथ दिल्ली में बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगी और एनआईए कोर्ट के फैसले के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगी।

दीपक बैज ने कहा कि एनआईए कोर्ट के फैसले से पीड़ित और शहीद परिवार संतुष्ट नहीं हैं। उनके मुताबिक, परिवार लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं और फैसले के बाद भी उनकी पीड़ा कम नहीं हुई है। बैज ने बताया कि फैसले के बाद कांग्रेस ने पीड़ित परिवारों और शहीद परिवारों से चर्चा की और पूरे मामले को लेकर गंभीर मंथन किया। उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर और छत्तीसगढ़ की जनता के बीच भी इस फैसले को लेकर असंतोष है।

दीपक बैज ने कहा कि झीरम जैसे बड़े मामले में वास्तविक न्याय होना चाहिए और केवल कार्रवाई तक मामला सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि एनआईए कोर्ट के फैसले में नक्सल संगठन के निचले स्तर पर काम करने वाले और सूचना तंत्र के रूप में भूमिका निभाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। कांग्रेस इस पूरे मामले को आगे भी गंभीरता से उठाएगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए उपलब्ध कानूनी रास्तों पर विचार करेगी।

बैज ने बताया कि कांग्रेस जल्द ही पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व से समय लेकर मुलाकात करेगी और एनआईए कोर्ट के फैसले पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा दिल्ली में पीड़ित और शहीद परिवारों के साथ बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों से चर्चा के बाद वरिष्ठ वकीलों से कानूनी राय ली जाएगी और इसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।


Related Articles