Durg News: दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, कलेक्टर, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में दीप प्रज्वलन किए जाने की तस्वीरों को लेकर कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के जिला सचिव लोचन यादव ने टिप्पणी की है। उन्होंने कार्यक्रम में जूते-चप्पल पहनकर दीप प्रज्वलन किए जाने को धार्मिक मर्यादा और परंपराओं से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं।
लोचन यादव ने कहा कि भाजपा के नेता स्वयं को सनातनी और कट्टर हिंदू बताते हैं तथा सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की बात करते हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से जुड़े दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में जूते-चप्पल पहनकर दीप जलाने की तस्वीरें सामने आना धार्मिक मर्यादा और परंपराओं को लेकर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि दीप प्रज्वलन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय सनातन परंपरा में आस्था और शुभता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों में धार्मिक परंपराओं और मर्यादाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए।
कांग्रेस जिला सचिव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सनातनी और कट्टर हिंदू होने का केवल दिखावा करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सनातन संस्कृति की परंपराओं और मर्यादाओं का पालन व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े आयोजनों को राजनीतिक स्वरूप देने से पहले उनसे जुड़ी भावनाओं और परंपराओं का सम्मान किया जाना आवश्यक है।

