कवर्धा नगरपालिका में दूसरा बजट पेश, अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा- विकास, विश्वास और जनसेवा की भावना पर आधारित बजट

कवर्धा नगरपालिका में दूसरा बजट पेश, अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा- विकास, विश्वास और जनसेवा की भावना पर आधारित बजट

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने अपने कार्यकाल का दूसरा बजट पेश किया, जिसमें विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बजट को “विकास, विश्वास और जनसेवा” की भावना पर आधारित बताते हुए कहा कि यह शहर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनआकांक्षाओं की पूर्ति की दिशा में अहम कदम है। बजट को परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया।

अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में कवर्धा शहर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ेगा। खास बात यह है कि इस बजट में किसी भी नए कर का प्रस्ताव नहीं रखा गया है। बैठक की शुरुआत परंपरा अनुसार राष्ट्रगान और राजगीत की धुन के साथ की गई।

शहर विकास के लिए विशेष प्रावधान
बजट में सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। इसके तहत सड़क और नाली निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, उद्यानों के विकास और शहर के सौंदर्यीकरण के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। अध्यक्ष ने कहा कि उद्देश्य केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना है।

आय-व्यय का अनुमान
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुमानित आय 9397.18 लाख रुपए और व्यय 9380.70 लाख रुपए प्रस्तावित है। इस प्रकार बजट में 16 लाख 47 हजार रुपए के लाभ का अनुमान रखा गया है।

चौक-चौराहों और तालाबों का होगा कायाकल्प
शहर के प्रमुख 10 चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण के साथ ही रेवाबंद, बावा और डबरी तालाब सहित अन्य जलस्रोतों के जीर्णोद्धार का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा अधोसंरचना विकास के तहत सीसी रोड, नाली निर्माण, डिवाइडर सुधार और 400 नए स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएंगे। ट्रांसपोर्ट नगर के पीछे नया मछली और मटन मार्केट भी बनाया जाएगा।

स्वच्छता और पर्यावरण पर विशेष जोर
बजट में आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), ड्रेनेज सिस्टम, कचरा संग्रहण और रिसाइक्लिंग प्लांट की स्थापना का प्रावधान है। घर-घर कचरा संग्रहण के लिए डस्टबिन, ऑटो और टिप्पर की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही शहर में 1000 पेड़ लगाने का संकल्प भी लिया गया है।

पेयजल, शिक्षा और अधोसंरचना पर फोकस
पेयजल के लिए वॉटर हार्वेस्टिंग सेंटर, नई पानी टंकियां और पाइपलाइन विस्तार की योजना बनाई गई है। शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों के उन्नयन और नए आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं, सड़कों के चौड़ीकरण, नालों के निर्माण, खेल मैदानों के उन्नयन और सामुदायिक भवनों के निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। अध्यक्ष चंद्रवंशी ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही विकास के इस संकल्प को पूरा किया जा सकेगा।


Related Articles