Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला और उसके नाबालिग बेटे को गांजा बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.442 किलोग्राम गांजा और 800 रुपए नकद बरामद किए हैं। महिला को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह में रखा गया है।
पुलिस को 28 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बजरंगपारा स्टेशन मरोदा इलाके में एक महिला अपने बेटे के साथ गांजा बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही नेवई पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की और दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से महिला और उसके नाबालिग बेटे को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला की पहचान फूलेश्वरी सोनवानी उर्फ जकड़ी (44) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1.442 किलो गांजा और 800 रुपए नकद जब्त किए गए।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। महिला आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत पुलगांव स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में रखा गया है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि महिला लंबे समय से अवैध गांजा कारोबार में संलिप्त थी और उसने अपने बेटे को भी इस धंधे में शामिल कर लिया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

