Chhattisgarh Kanker News: कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड स्थित आसुलखार धान खरीदी केंद्र में धान और बारदाने की भारी कमी का मामला सामने आया है। जांच में 4,651 क्विंटल से अधिक धान और 11,628 बारदाने कम पाए गए। इस अनियमितता से शासन को करीब 1 करोड़ 44 लाख 18 हजार 720 रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। मामले में पुलिस ने धान खरीदी प्रभारी टिकेश्वर पोटाई और बारदाना प्रभारी भोज कुमार जैन को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित आसुलखार के धान खरीदी केंद्र में 748 किसानों से कुल 36,703 क्विंटल धान खरीदा गया था। इसके मुकाबले 30,855 क्विंटल धान का उठाव दर्ज किया गया। बाद में मामले की जांच और भौतिक सत्यापन कराया गया, जिसमें 4,651 क्विंटल धान और 11,628 बोरा बारदाने की कमी सामने आई। इनकी अनुमानित कीमत 1,44,18,720 रुपये आंकी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर खाद्य शाखा ने 10 जून 2026 को जांच समिति गठित की थी। खाद्य निरीक्षक, सहकारी निरीक्षक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के शाखा प्रबंधक की संयुक्त टीम ने खरीदी केंद्र का निरीक्षण और जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जांच में धान खरीदी प्रभारी टिकेश्वर पोटाई और बारदाना प्रभारी भोज कुमार जैन की भूमिका सामने आने के बाद समिति प्रबंधक परमेश महावीर की रिपोर्ट पर भानुप्रतापपुर थाने में अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

