Chhattisgah Ganna Kisan News: कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। वैवाहिक सीजन और आगामी फसल की तैयारियों के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना, राम्हेपुर द्वारा किसानों को 13.80 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। इस भुगतान से किसानों को आर्थिक मजबूती मिली है।
चालू पेराई सत्र में अब तक कुल 71.29 करोड़ रुपए का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। कलेक्टर एवं कारखाने के प्राधिकृत अधिकारी गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में भुगतान प्रक्रिया लगातार जारी है, जिससे सहकारी व्यवस्था में किसानों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
इस सत्र में कारखाने ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 2,55,818 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई और 3,09,120 क्विंटल शक्कर का उत्पादन किया है। यह सफलता किसानों के सहयोग, प्रशासनिक मार्गदर्शन और कारखाने की कुशल कार्यप्रणाली का परिणाम मानी जा रही है।
भोरमदेव शक्कर कारखाना किसानों और श्रमिकों के हित में लगातार कार्य कर रहा है। यहां एफआरपी के अतिरिक्त रिकवरी आधारित भुगतान, शासन का बोनस, रियायती दर पर शक्कर, उन्नत बीज और कृषि मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके साथ ही किसानों के लिए “बलराम सदन” और मात्र 5 रुपए में भोजन उपलब्ध कराने वाली कैंटीन सुविधा भी संचालित की जा रही है।
यह कारखाना जिले की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बन चुका है। किसानों को न्यूनतम मूल्य की गारंटी, फसल विविधता को बढ़ावा, हजारों लोगों को रोजगार और पीडीएस के लिए सस्ती शक्कर उपलब्ध कराने में इसकी अहम भूमिका है। समय पर भुगतान और बेहतर प्रबंधन के चलते यह सहकारी मॉडल की सफलता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और जिले के विकास को भी गति मिल रही है।

