Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। नगर निगम कार्यालय की स्थापना शाखा में आलमारियों के ताले टूटे मिलने के बाद महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार को शाखा के कमरे और वहां रखी आलमारियों के ताले टूटे पाए गए। घटना के बाद फाइलें चोरी होने की आशंका जताई गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर निगम कार्यालय के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थापना शाखा में कर्मचारियों की सेवा और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों से जुड़ी फाइलें रखी जाती हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि कार्यालय के भीतर आलमारियों के ताले कैसे टूटे और क्या परिसर में लगे CCTV कैमरों में इस दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि रिकॉर्ड हुई है।
महापौर अलका बाघमार ने मीडिया से चर्चा में बताया कि उन्हें निगम की आलमारी तोड़े जाने की जानकारी मिली है। इसके बाद पुलिस को सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वास्तव में कौन-कौन से दस्तावेज गायब हुए हैं। महापौर ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए CCTV कैमरे लगवाने की बात भी कही।
वहीं, निगम कमिश्नर लीना कोसम ने कहा कि उपलब्ध सूची के अनुसार एक भी फाइल चोरी नहीं हुई है। उन्होंने मामले की जांच के लिए पुलिस में शिकायत की है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है और संदिग्ध आरोपी की तलाश में जुटी है। फिलहाल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आलमारियों के ताले किसने तोड़े और क्या कोई दस्तावेज वास्तव में गायब हुआ है।

