Raipur News: नगर निगम के कामकाज की समीक्षा में सख्त हुए सचिव सोनमणि बोरा, सफाई से लेकर डिजिटल नागरिक सेवाओं तक सुधार पर जोर

Raipur News: नगर निगम के कामकाज की समीक्षा में सख्त हुए सचिव सोनमणि बोरा, सफाई से लेकर डिजिटल नागरिक सेवाओं तक सुधार पर जोर

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी में सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने शहर में गंदगी की तस्वीरें दिखाकर सफाई व्यवस्था में सुधार लाने और लापरवाही दूर करने की हिदायत दी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों की समीक्षा के दौरान भी उन्होंने अधिकारियों से जवाबदेही के साथ काम करने को कहा। लापरवाही के मामले में दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

सचिव बोरा ने कहा कि गरीबों के आवास निर्माण में गुणवत्ताहीन काम और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद और 15वें वित्त आयोग से जुड़े निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं को प्रत्येक तिमाही में काम की प्रगति सुनिश्चित करने तथा आगामी कार्यों की रूपरेखा तैयार रखने के निर्देश भी दिए।

रायपुर में निर्माणाधीन नए नालंदा परिसर को लेकर भी सचिव ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुराने नालंदा परिसर की कमियों को दूर करते हुए नए परिसर में आधुनिक और बेहतर सुविधाएं विकसित करने को कहा। साथ ही दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखकर भवन में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में बिजली की खपत कम करने पर भी चर्चा हुई। सचिव बोरा ने ऊर्जा दक्ष तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने, जरूरत के अनुसार दस्तावेज मुहैया कराने और राजस्व वसूली में डिजिटल एवं आधुनिक तकनीकों को अपनाने के निर्देश दिए, ताकि नागरिक सेवाओं को अधिक सुगम बनाया जा सके।

मिशन अमृत 2.0 के तहत शहर के शीतला तालाब के पुनरोद्धार और सौंदर्यीकरण का काम मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। सचिव ने तालाब के गहरीकरण, पिचिंग और पेवर ब्लॉक सहित अन्य कार्यों में निर्धारित समय-सीमा के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा निदान-1100 में मिलने वाली नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में ईज ऑफ लिविंग और नागरिक-केंद्रित प्रशासन पर विशेष जोर दिया गया। सचिव बोरा ने अधिकारियों से नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने और जवाबदेही के साथ पूरा करने को कहा। बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक नीलेश क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी, अभियंता और विभिन्न जोनों के अधिकारी उपस्थित थे।


Related Articles