Balod News: दल्लीराजहरा-महामाया मार्ग पर तीन दिन से जारी चक्काजाम खत्म कराने पहुंची पुलिस, ग्रामीणों को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया

Balod News: दल्लीराजहरा-महामाया मार्ग पर तीन दिन से जारी चक्काजाम खत्म कराने पहुंची पुलिस, ग्रामीणों को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया

Chhattisgarh Balod News: बालोद। जिले में पीने के पानी की मांग को लेकर दल्लीराजहरा-महामाया मार्ग पर तीन दिनों से चक्काजाम और आमरण अनशन कर रहे आड़ेझर गांव के ग्रामीणों को पुलिस ने शनिवार सुबह हटा दिया। जानकारी के अनुसार, 102 पुरुषों को ओपन थिएटर, दल्लीराजहरा और 30 से 40 महिलाओं को आईटीआई परिसर में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। ग्रामीण बोइरडीही जलाशय से गांव में पीने का पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर गुरुवार से सड़क पर बैठे थे। प्रदर्शनकारियों में से 9 ग्रामीण आमरण अनशन कर रहे थे।

ग्रामीणों की मांग को लेकर प्रशासन ने लगातार तीन दिनों तक उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद शनिवार सुबह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बताया जा रहा है।

ग्रामीणों के चक्काजाम और आमरण अनशन के कारण महामाया, दुलकी और कलवर माइंस से कच्चा लोहा लेकर आने-जाने वाले हजारों वाहनों का परिचालन प्रभावित हो रहा था। मार्ग पर आवागमन बाधित होने से परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा था।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पुलिस कार्रवाई के विरोध में आड़ेझर गांव के लोग एकजुट होकर सामूहिक गिरफ्तारी दे सकते हैं। फिलहाल ग्रामीणों की मांग और प्रशासन के अगले कदम को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है।


Related Articles