Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले के चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में फांसी की सजा पाने वाले तीन दोषियों को अलग-अलग जेलों से केंद्रीय जेल रायपुर शिफ्ट कर दिया गया है। जेल प्रशासन ने यह कार्रवाई अदालत की ओर से 8 अक्टूबर को सजा सुनाए जाने के बाद की है। तीनों दोषियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रायपुर लाया गया है। वहीं, आजीवन कारावास की सजा पाने वाले आरोपी आर्यन विश्वकर्मा को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में दोषी ठहराए गए कुलदीप साहू अंबिकापुर जेल में बंद था, जबकि फूल सिंह उर्फ रिंकू सूरजपुर जिला जेल और चंद्रकांत चौधरी कोरिया जेल में निरुद्ध था। अदालत के फैसले के बाद जेल प्रशासन ने तीनों को केंद्रीय जेल रायपुर भेजने की प्रक्रिया पूरी की।
यह मामला 13 अक्टूबर 2024 को तत्कालीन प्रधान आरक्षक की पत्नी और उनकी 11 वर्षीय बेटी की हत्या से जुड़ा है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने तीन आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई, जबकि एक अन्य आरोपी आर्यन विश्वकर्मा को आजीवन कारावास से दंडित किया।
अदालत के फैसले के बाद दोषियों को अलग-अलग जेलों से स्थानांतरित करने की कार्रवाई की गई है। तीनों दोषियों को रायपुर केंद्रीय जेल में रखने की व्यवस्था की गई है, जबकि आजीवन कारावास की सजा पाने वाले आरोपी को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट किया जा रहा है।

