Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी में जमीन और प्रॉपर्टी की बढ़ती खरीदी-बिक्री को देखते हुए पंजीयन विभाग उपपंजीयक कार्यालयों का विस्तार करने जा रहा है। इसी कड़ी में टाटीबंध और बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में जल्द नए उपपंजीयक कार्यालय शुरू किए जाएंगे। विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है और संभावना है कि आगामी दो महीने के भीतर दोनों क्षेत्रों में कार्यालय शुरू हो जाएंगे। इसके बाद टाटीबंध, बिरगांव और आसपास के गांवों के लोगों को रजिस्ट्री के लिए कलेक्ट्रेट स्थित मुख्य पंजीयन कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मास्टर प्लान-2031 के तहत रायपुर के निवेश क्षेत्र का दायरा पहले की तुलना में काफी बढ़ा है। पहले निवेश क्षेत्र में 41 गांव शामिल थे, जबकि नए मास्टर प्लान में 65 नए गांवों को भी शामिल किया गया है। इस तरह निवेश क्षेत्र में शामिल गांवों की संख्या बढ़कर 106 हो गई है। निवेश क्षेत्र के विस्तार के साथ इन क्षेत्रों में विकास गतिविधियों के अलावा जमीन की खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री का काम भी बढ़ रहा है।
प्रॉपर्टी की बढ़ती रजिस्ट्री को देखते हुए पंजीयन विभाग ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में उपपंजीयक कार्यालयों की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र के नजदीक रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराना और मुख्य पंजीयन कार्यालय में बढ़ने वाली भीड़ को कम करना है।
रायपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मुख्य पंजीयन कार्यालय में त्योहारों और वित्तीय वर्ष के अंत में मार्च क्लोजिंग के दौरान रजिस्ट्री कराने वालों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे समय में ऑनलाइन आवेदन और अपॉइंटमेंट लेने से लेकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करने तक लोगों को भीड़ और लंबी प्रक्रिया का सामना करना पड़ता है।
इसी को देखते हुए पंजीयन विभाग ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में उपपंजीयक कार्यालय शुरू किए हैं। सड्डू-मोवा क्षेत्र की विधानसभा रोड स्थित बेबीलॉन टॉवर और श्रीराम बिजनेस पार्क में उपपंजीयक कार्यालय पहले ही शुरू हो चुके हैं। इन कार्यालयों के जरिए आसपास के लोगों को स्थानीय स्तर पर रजिस्ट्री की सुविधा मिल रही है, जिससे उन्हें कलेक्ट्रेट स्थित मुख्य कार्यालय तक आने-जाने की जरूरत कम हुई है।
अब टाटीबंध और बिरगांव में नए उपपंजीयक कार्यालय शुरू होने से इन क्षेत्रों के साथ आसपास के निवेश ग्रामों में रहने वाले लोगों को भी रजिस्ट्री की सुविधा नजदीक उपलब्ध होगी। इससे लोगों के समय और आने-जाने के खर्च की बचत होने के साथ मुख्य पंजीयन कार्यालय में भीड़ कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

