Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे हैं। वे जेल रोड स्थित मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित ROLBOL Youth Conclave 2026 में शामिल होंगे। यह ROLBOL का तीसरा यूथ कॉन्क्लेव है। कार्यक्रम में वे युवाओं से संवाद करेंगे। इसके अलावा चिराग पासवान प्रदेश इकाई के साथ पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर भी बैठक करेंगे।
रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि भारत को विकसित देश बनाने में युवाओं की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग मंचों के माध्यम से युवाओं से संवाद करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी की ओर से ‘यूथ बोले’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अलग-अलग राज्यों में अपना विस्तार करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश और पंजाब में भी पार्टी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। छत्तीसगढ़ में भी चुनावी रणनीति को लेकर राज्य इकाई के साथ बैठक की जाएगी।
चुनाव आयोग को लेकर उठ रहे संदेह के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि देश में किसी भी मतदाता को यदि चुनाव आयोग पर संदेह है, तो आयोग को उनका विश्वास जीतना होगा। SIR के तहत नाम काटे जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जितने भी नाम काटे गए हैं, वे आम लोग नहीं थे। उन्होंने कहा कि यदि आम मतदाता का नाम बड़ी संख्या में कटता तो बड़े स्तर पर आंदोलन होता।
कांग्रेस की ओर से सभी चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग पर चिराग पासवान ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस दोबारा चुनाव कराएगी और क्या राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के विधायक दोबारा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम आवाज उठाना है, लेकिन कुछ समय बाद उनकी आवाज कमजोर पड़ जाती है। चिराग पासवान ने कहा कि SIR आने के बाद कांग्रेस की ओर से EVM का मुद्दा उठाया जाना कम हो गया है।
छत्तीसगढ़ में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की इकाई स्थापित होने के बाद BJP को समर्थन के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि समय और परिस्थितियों को देखते हुए राज्य इकाई इस संबंध में निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में पार्टी स्वतंत्र रूप से अपना काम कर रही है।

