Raipur News : कलश यात्रा के साथ शुरू होगी इंद्रेश महाराज की भागवत कथा, जानिए पूरा कार्यक्रम

Raipur News : कलश यात्रा के साथ शुरू होगी इंद्रेश महाराज की भागवत कथा, जानिए पूरा कार्यक्रम

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। प्रसिद्ध भागवताचार्य एवं युवा आध्यात्मिक वक्ता इंद्रेश महाराज की श्रीमद्भागवत कथा 21 से 27 सितंबर तक राजधानी रायपुर के कृषि उपज मंडी ग्राउंड, देवेंद्र नगर में आयोजित की जाएगी। सप्त दिवसीय कथा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

आयोजन के प्रमुख सेवादारी गुंजन प्रजापति ने बताया कि इंद्रेश महाराज की कथा में भगवान श्रीहरि की भक्ति, सनातन संस्कृति और जीवन को सही दिशा देने वाले संदेशों पर विशेष जोर रहता है। कृषि उपज मंडी ग्राउंड में आयोजन का उद्देश्य शहर के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है, ताकि बड़ी संख्या में लोग बैठकर कथा का श्रवण कर सकें।

बारिश के मौसम को देखते हुए कथा स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन को व्यवस्थित रूप देने के लिए सेवादारों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं तथा आयोजन समिति और स्वागत समिति के सदस्यों का भी चयन किया गया है। मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, संत-महात्मा, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, शहर के विशिष्टजनों, श्रद्धालुओं और मीडिया प्रतिनिधियों को आयोजन में आमंत्रित किया गया है।

कथा स्थल पर बड़े प्रोजेक्टर और साउंड सिस्टम की भी व्यवस्था की गई है, जिससे दूर बैठे श्रद्धालु भी कथा का श्रवण और व्यासपीठ के दर्शन कर सकेंगे। आयोजन को लेकर धर्मप्रेमी लोगों में उत्साह है और कई लोग स्वेच्छा से सेवा के लिए आगे आ रहे हैं।

श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पहले 21 सितंबर को सुबह 11 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा श्रीराम मंदिर कृषि उपज मंडी से रवाना होकर कथा स्थल तक पहुंचेगी। कथा सत्संग का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। 22 सितंबर को ध्रुव चरित्र, 23 सितंबर को प्रहलाद चरित्र, 24 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 25 सितंबर को श्री गोवर्धन लीला महोत्सव और 26 सितंबर को श्रीकृष्ण रुक्मिणी महोत्सव का वर्णन किया जाएगा। 27 सितंबर को कथा विश्रांति दिवस पर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कथा विश्राम और पूर्णाहुति होगी। इस दौरान आरती, महाप्रसादी वितरण और आशीर्वचन का कार्यक्रम भी होगा।

इंद्रेश महाराज युवा कथावाचकों में चर्चित नाम हैं। उनके सरल और मधुर वक्तव्य के साथ भक्ति और संगीत का समन्वय कथा में श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उनके बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। यूट्यूब पर ‘भक्तिपथ’ नाम का चैनल भी लोकप्रिय बताया जाता है। रायपुर में उनके श्रीमद्भागवत कथा आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।


Related Articles