Raipur News: महादेव सट्टा ऐप मामले में कार्रवाई तेज, विकास गर्ग न्यायिक हिरासत में

Raipur News: महादेव सट्टा ऐप मामले में कार्रवाई तेज, विकास गर्ग न्यायिक हिरासत में

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार EBIX कंपनी के मालिक विकास गर्ग को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

ED की पूछताछ में कई अहम खुलासे

सूत्रों के अनुसार, 10 दिनों की पूछताछ के दौरान विकास गर्ग से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। जांच एजेंसी को ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनसे महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के कथित संचालकों सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल से उनके करीबी संबंधों का दावा किया जा रहा है।

जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों और उनके परिजनों के बैंक खातों में धन जमा कराने तथा कथित अवैध कमाई को वैध धन में बदलने (मनी लॉन्ड्रिंग) से जुड़े सबूत ED को मिले हैं। इन खुलासों के बाद एजेंसी आगे और बड़ी कार्रवाई कर सकती है।

क्या है पूरा मामला?

ED के मुताबिक, विकास गर्ग विकास इकोटेक लिमिटेड, विकास लाइफकेयर लिमिटेड और एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के प्रमोटर हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के जरिए कथित अवैध धन का इस्तेमाल कर EbixCash में 64 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी गई।

इसी मामले में ED ने 14 जुलाई को दिल्ली स्थित उनके आवास से विकास गर्ग को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें 10 दिनों की ED रिमांड पर भेजा गया था। अब अदालत के आदेश के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


Related Articles