Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा स्थित अटल चौक के पास शुक्रवार रात एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोंदा निवासी हरिनंदन रजवाड़े को कुछ लोग अपने साथ केवरा लेकर आए। आरोप है कि अटल चौक के पास उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल हरिनंदन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल प्रतापपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

